समाचार सच, हल्द्वानी। महानगर में दहेज उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आया है। दहेज में लाखों की रकम न मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेजलोभी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जेकेपुरम छोटी मुखानी निवासी सारिका कुमारी ने बताया कि उसका विवाह 30 जनवरी 2020 को चंडीगढ़ के मोहाली में रहने वाले अजय जाटव पुत्र जगदीश जाटव के साथ हुआ था। विवाह के समय मायके पक्ष ने सामर्थ्यानुसार दान व उपहार भी भेंट किए। शादी के बाद कुछ समय तक तो सबकुछ ठीकठाक चलता रहा। लेकिन इसके बाद ससुराली उस पर मायके से और दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। उसने इससे मायके पक्ष को अवगत कराया, लेकिन असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करने लगा। आये दिन उसके साथ मारपीट की जाने लगी। हद तो तब हो गई जब दहेज में 25 लाख देने में असमर्थता जताने पर बीमार विवाहिता को उसका पति लावारिस हालत में हरिद्वार छोड़ गया। इसके बाद वह किसी तरह मायके पहुंची और आपबीती मायके पक्ष को बताई। मायके पक्ष ने ससुरालियों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन दहेजलोभी ससुराली मानने को तैयार नहीं हुए। इस पर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के पति अजय जाटव, ससुर जगदीश जाटव, सास सुनीता जाटव, ननद अनीशा जाटव व कंचन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


