भीषण गर्मी का असर: स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव

खबर शेयर करें

हीट वेव अलर्ट के बीच प्रशासन सख्त, सुबह 7 से 11:30 बजे तक ही संचालित होंगे शिक्षण संस्थान

समाचार सच, रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की रिपोर्ट में मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की आशंका जताई गई है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है।

प्रशासन ने विशेष रूप से छोटे बच्चों, छात्र-छात्राओं, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को हीट वेव से सबसे अधिक प्रभावित होने वाला वर्ग माना है। इसी को ध्यान में रखते हुए 20 मई 2026 से अगले एक सप्ताह तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तथा प्री-नर्सरी से कक्षा 12 तक के सरकारी और निजी विद्यालयों का संचालन केवल सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा।

यह भी पढ़ें -   ट्रेन की चपेट में आने से 19 वर्षीय किन्नर की मौत, साथियों ने रेलवे फाटक पर किया हंगामा

जिला प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था आगे भी जारी रखी जा सकती है। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों, निजी स्कूल संचालकों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -   सूखी अदरक यानी सोंठ का पानी पी सकते हैं। यह सेहत के लिए काफी फायदेममंद है

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई शिक्षण संस्थान जारी आदेशों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाएं, अधिक से अधिक पानी पिलाएं और गर्मी से बचाव के जरूरी उपाय अपनाएं। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच प्रशासन के इस फैसले को अभिभावकों और छात्रों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440