समाचार सच, नैनीताल/हल्द्वानी। लगातार बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप ने अब बच्चों की दिनचर्या भी बदल दी है। नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल ने आदेश जारी करते हुए हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग क्षेत्र के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के संचालन का नया समय निर्धारित किया है।
जारी आदेश के अनुसार 22 मई 2026 से अग्रिम आदेशों तक स्कूल सुबह जल्दी खुलेंगे और दोपहर से पहले बंद कर दिए जाएंगे। यह फैसला लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में प्रार्थना सभा सुबह 6.45 बजे आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षाएं सुबह 7 बजे से शुरू होकर 11.30 बजे तक संचालित होंगी। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि यह आदेश केवल मैदानी क्षेत्रों के विद्यालयों पर लागू होगा। पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। गर्मी को देखते हुए अभिभावकों ने भी इस निर्णय को राहत भरा कदम बताया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



