समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने नशे के चार और सौदागरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक स्मैक तस्कर व तीन शराब तस्कर हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हीरानगर चौकी पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि कालाढूंगी रोड टैम्पो स्टैंड के पास एक युवक स्मैक बेचने के लिए आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने जब शक के आधार पर एक युवक को पास आने के लिए कहा तो वह भागने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया और तलाशी ली तो उसके पास से 2 ग्राम स्मैक के साथ ही इलैक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद हुआ। इस पर संजय सिंह घसियाल पुत्र गंगा सिंह घसियाल निवासी वैलेजाली लॉज को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह उक्त स्मैक रूद्रपुर से खरीद कर लाता है। वह स्वयं भी स्मैक का लती है और ग्राहकों को भी स्मैक बेचने का काम करता है। पुलिस ने पकड़े गये तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं राजपुरा चौकी पुलिस ने चौकिंग के दौरान भाग रहे एक टैम्पो को जब रोका तो उसमें से दो पेटी देशी शराब बरामद हुई। इस पर टैम्पो सवार चिरंजीव उर्फ चेतन पुत्र राजकुमार निवासी गली नंबर एक, राजपुरा व विक्रम पुत्र भगवत सरण निवासी वार्ड नंबर 12 राजपुरा को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं काठगोदाम थाना पुलिस ने भी पांच लीटर कच्ची शराब के साथ चन्दन राम पुत्र देव राम निवासी देवला मल्ला सिमलार गौलापार को दबोच लिया। पकड़े गये शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


