समाचार सच, देहरादून। हाथरस गैंग रेप मामले को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को मौन सत्याग्रह के जरिये विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी पार्क के सामने सत्याग्रह पर बैठे। प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी नेताओं को महात्मा गांधी या बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने मौन सत्याग्रह करने को कहा। यह विरोध प्रदेश भर में सभी जिला मुख्यालयों पर जताया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के साथ सत्याग्रह में पार्टी के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक सहित अन्य नेता शामिल हुए।
हाथरस में गैंगरेप के बाद बेटी की हत्या की घटना के खिलाफ लोगों का गम और गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। विभिन्न संगठनों और पार्टियों ने शहर में कैडल मार्च निकालकर मृतका को श्रद्धांजलि दी और दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। मुस्लिम सेवा संगठन ने घटना के विरोध में गांधी पार्क के बाहर मोमबत्ती जलाई और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि हाथरस में दलित बेटी के साथ जो कुछ हुआ वह बहुत की घिनौना और झकझोर देने वाला अपराध है। जिस प्रकार की हैवानियत उस बेटी के साथ की गई उससे मानवता शर्मशार हो गई। इस मामले में सरकार और प्रशासन द्वारा अपनाई जा रही कार्यशैली ठीक नहीं थी। जब से उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आई है वहां दलितों और मुस्लिमों पर अत्याचार बढ़ गए हैं। यूपी में अपराधी बिना खौफ के घूम रहे हैं, उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जब तक बेटी को न्याय नहीं मिल जाता संगठन शांत नहीं बैठेगा। इस दौरान वसीम अहमद, जावेद खान, नईम कुरैशी, सद्दाम कुरैशी, मेहताब, मोहम्म्द शाहनवाज आदि मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












