बदरीनाथ धाम चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों पर बैठी हाई लेवल जांच, अब चार सदस्यीय टीम खोलेगी पूरा सच

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल बदरीनाथ धाम में चढ़ावे को लेकर लगे गंभीर आरोपों के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए समिति ने चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है, जो पूरे प्रकरण की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट सीधे समिति के शीर्ष अधिकारियों को सौंपेगी।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन रांगड़ के निर्देशन में गठित इस समिति में विधि अधिकारी शिशुपाल सिंह बर्तवाल, वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी तथा प्रभारी अधिकारी (केदारनाथ) डबर सिंह भुजवान को शामिल किया गया है। जांच पूरी होने के बाद समिति अपनी रिपोर्ट बीकेटीसी को सौंपेगी।

यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद हुई है, जिसमें भैरव सेना संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने मंदिर के एक कर्मचारी पर चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता और चोरी के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में दावा किया गया है कि कथित घटना सीसीटीवी कैमरे में भी दर्ज होने की बात सामने आई है। इसी आधार पर मामले की जांच की मांग करते हुए बीकेटीसी को पत्र भेजा गया था।

यह भी पढ़ें -   35 हजार पौधों का लक्ष्य लेकर चल रहा हरित अभियान, बच्चों से लेकर ग्रामीणों तक बांटे जा रहे फलदार पौधे: डॉ. आशुतोष पंत

इससे पहले बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी स्पष्ट कर चुके हैं कि मामला उनके संज्ञान में है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा था कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें -   पेपर लीक और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग, उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने सौंपा प्रार्थना पत्र

अब चार सदस्यीय जांच समिति के गठन के साथ पूरे मामले की आधिकारिक जांच शुरू हो चुकी है। सभी की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी।

नोटः फिलहाल मामला जांच के अधीन है। चोरी या वित्तीय अनियमितता के आरोप अभी सिद्ध नहीं हुए हैं।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440