समाचार सच, हल्द्वानी। यहां आंवला चौकी गेट श्रमिक बस्ती में रविवार की दोपहर भीषण अग्निकांड हो गया। जिसमें श्रमिकों की 17 झोपड़ियां जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते जन व पशु हानि होने से बच गई। तीन वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लाखों के नुकसान का अनुमान है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार आंवला चौकी गेट के पास गौला में काम करने वाले मूलरूप से पीलीभीत निवासी श्रमिकों ने रहने के लिए झोपड़ियां बनाई हुई हैं। रविवार की सुबह यह लोग काम पर चले गये। इन झोपड़ियों में रविवार की दोपहर करीब दो बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के समय इनमें से कुछ झोपड़ियों में महिलाएं, बच्चे व मवेशी मौजूद थे। झोपड़ियों से धुआं उठता देख आस-पास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े और पुलिस व दमकल को सूचित किया। इस पर पुलिस के साथ ही दमकल के तीन वाहन मौके पर पहुंच गये। पुलिस व दमकल कर्मियों ने आग पर काबू करने के साथ ही झोपड़ियों में मौजूद लोगों व पशुओं को बाहर निकाला। इसके साथ ही इन झोपड़ियों में रखे गये गैस सिलेंडरों को भी निकालने का काम किया गया। बताया जा रहा है कि सबसे पहले आग अवधेष श्रीवास्तव की झोपड़ी में लगी। इसके बाद आग दूसरी झोपड़ियों में फैलती चली गई और देखते ही देखते 17 झोपड़ियां जलकर स्वाहा हो गई। इस अग्निकांड में अवधेष की दो, सुुहेल की 2, जोरावर मौर्या की एक, धनवीर सक्सेना की 2, टिंकू सक्सेना की 6, मिक्की ठाकुर की 2, जान्हवी की एक व नरवीर सिंह की एक झोपड़ी खाक हुई है। जब तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाते तब तक इन झोपड़ियों में रखा सामान स्वाहा हो चुका था। आग से झोपड़ियों में रखा अनाज, बिस्तर, नगदी, विद्युत उपकरण आदि का नुकसान हुआ है। इसके अलावा एक बाईक व सात साईकिलें भी इस अग्निकांड में स्वाहा हो गई। अग्निकांड में लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। बहरहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



