समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में तीन तलाक का मामला प्रकाश में आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने जहां विवाहिता का उत्पीड़न किया। वहीं पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला बनभूलपुरा थाना क्षेत्र का है। क्षेत्र के उत्तर उजाला, बरेली रोड निवासी नाजरीन के अनुसार उसका विवाह 22 सितम्बर 2016 को वहीं के रहने वाले नवाब के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के तहत हुआ। विवाह के समय मायके पक्ष ने सामर्थ्यानुसार दान व उपहार भी भेंट किए। लेकिन ससुराली इससे संतुष्ट नहीं हुए। महिला का कहना है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराली उस पर दहेज में कार व अन्य सामान लाने का दबाव बनाने लगे। असमर्थता जताने पर उसे प्रताड़नाएं दी जाने लगी। पति आए ससुरालियों के इशारों पर मारपीट करने लगा। मारपीट से आजिज आकर वह मायके चली आई और महिला हेल्प लाइन की शरण ली। जहां सुनवाई में ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित न करने का भरोसा दिलाया तो वह पुनः ससुराल चली गई। लेकिन इसके बाद भी उसका उत्पीड़न कम नहीं हुआ। आरोप है कि बीती 18 अक्टूबर को उसका स्वास्थ्य बिगड़ने पर जब उसने पति से अस्पताल चलने को कहा तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। आरोप है कि दहेज में कार न लाने पर पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और उसे घर से निकाल दिया। अब वह पुनः मायके में रह रही है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति नवाब, सास जेबुनिसा, जेठ जहीर व ननद फरजाना के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में अपनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


