मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद जारी हुई आईएफएस अधिकारियों की तबादला सूची, मुख्यालय से लेकर डीएफओ स्तर तक बड़े बदलाव
समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड सरकार ने लंबे इंतजार के बाद भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले कर वन विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल कर दिया है। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद जारी तबादला सूची में वन मुख्यालय से लेकर विभिन्न वन प्रभागों (डीएफओ) तक कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। माना जा रहा है कि इस फेरबदल का उद्देश्य विभागीय कार्यों में तेजी लाने, वन संरक्षण को मजबूत करने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
तबादला सूची के अनुसार प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल से कैंपा (CAMPA) की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। वहीं प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) नीना ग्रेवाल को प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) के साथ-साथ वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व यथावत रखा गया है।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (एपीसीसीएफ) बी.के. गांगटे को कैंपा के साथ वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरेंद्र मेहरा को नियोजन के साथ सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं सीसीएफ पराग मधुकर से वन पंचायत की जिम्मेदारी वापस लेकर यह दायित्व सुशांत कुमार पटनायक को सौंपा गया है।
इसके अलावा चंद्रशेखर सनवाल को वन संरक्षक (नोडल कार्यालय) बनाया गया है। नीतू लक्ष्मी को यमुना वृत्त से हटाकर वन विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कल्याणी को दोबारा यमुना वृत्त का दायित्व सौंपा गया है।
डीएफओ स्तर पर भी बड़े बदलाव
वन विभाग के फील्ड स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। अमित कंवर को मसूरी से चकराता वन प्रभाग भेजा गया है, जबकि वैभव कुमार सिंह को देहरादून वन प्रभाग की जिम्मेदारी मिली है। नीरज कुमार को वन विकास निगम भेजा गया है और हिमांशु बागड़ी को टिहरी वन प्रभाग का डीएफओ बनाया गया है।
इसी क्रम में दीपक सिंह को तराई पूर्वी, आशुतोष सिंह को टोंस फॉरेस्ट डिवीजन, पुनीत तोमर को तराई पश्चिमी, जीवन मोहन को उत्तरकाशी, अभिमन्यु को अल्मोड़ा, आदित्य रत्न को पिथौरागढ़ तथा रजत सुमन को केदारनाथ वन प्रभाग का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा प्रणाली रमेश को बदरीनाथ वन प्रभाग, प्रकाश चंद्र आर्य को बागेश्वर, देवी प्रसाद बलूनी को मसूरी, विनीत कुमार को रुद्रप्रयाग, गौरव वर्मा को लैंसडाउन तथा यश ढोबले को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की जिम्मेदारी दी गई है।
वन विभाग के जानकारों का मानना है कि यह तबादला सूची आगामी वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और विकास परियोजनाओं को नई गति देने के उद्देश्य से जारी की गई है। अब सभी की नजर नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने और उनकी प्राथमिकताओं पर रहेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



