समाचार सच, हल्द्वानी।
हल्द्वानी के गोलापार स्थित निर्मल दर्शन नशा मुक्ति केंद्र में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में दवाइयों के रखरखाव में अनियमितता, निर्धारित मानकों का उल्लंघन, स्वच्छता की कमी और अपर्याप्त वेंटिलेशन सहित कई गंभीर खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने केंद्र संचालकों को सभी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं।
यह संयुक्त निरीक्षण उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के आदेश पर किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने किया।
निरीक्षण टीम ने नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अभिलेखों की गहन जांच की। इस दौरान दवाइयों के रखरखाव में अनियमितता, स्वच्छता व्यवस्था में कमी, वेंटिलेशन की अपर्याप्त व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने केंद्र प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी कमियों को निर्धारित समयावधि में दूर किया जाए और शासन द्वारा तय मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपचाररत मरीजों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
संयुक्त निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत भट्ट, मनोचिकित्सक डॉ. हिमांशु कांडपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



