गौलापार में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, निःशुल्क बांटे फलदार पौध

खबर शेयर करें

डॉ. आशुतोष पंत की पहल रंग ला रही, पौध वितरण के साथ पॉलीथीन के खिलाफ भी छेड़ी मुहिम

समाचार सच, हल्द्वानी।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 जुलाई से चल रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पौध वितरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान लोगों को फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के तहत गौलापार स्थित सीतापुर गुरुद्वारा साहिब तथा हल्दूपोखरा दरमवाल में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को फलदार पौधे निःशुल्क भेंट किए गए। डॉ. पंत ने लोगों से पौधों को केवल लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. आशुतोष पंत ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। पेड़-पौधे हमें ऑक्सीजन, फल, लकड़ी और छाया देने के साथ ही वायु प्रदूषण को कम करने, मिट्टी के कटाव को रोकने और प्राकृतिक जलवायु एवं वर्षा चक्र को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, विद्यालय और आसपास उपलब्ध खाली स्थानों पर पौधे लगाए और उनकी जिम्मेदारी से देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें -   सुबह इन शब्दों को श्रद्धा से बोलने पर मन में सकारात्मकता और उत्साह का भाव बना रहता है

इस अवसर पर लोगों को पॉलीथीन के बढ़ते इस्तेमाल से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों से पॉलीथीन का प्रयोग कम करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने का आह्वान किया गया।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में तीसरे राजनीतिक विकल्प की तैयारी तेज, 1 नवंबर को देहरादून में होगा शक्ति प्रदर्शन

डॉ. पंत ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित करने की अपील की।

अभियान को सफल बनाने में पत्रकार मनोज पांडे, डॉ. जगदीश सती, दीपक नेगी, गोपाल जोशी और सरदार राजेंद्र सिंह का विशेष सहयोग रहा। डॉ. आशुतोष पंत ने सभी सहयोगियों और कार्यक्रम में शामिल लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को व्यापक रूप दिया जा सकता है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि “एक पेड़ लगाएं, पर्यावरण बचाएं” केवल नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440