स्कूल की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, क्लास में पंखा गिरने से छात्र लहूलुहान

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित अटल उत्कृष्ट विद्यालय श्रेणी में शामिल एएनझा इंटर कॉलेज में शनिवार को पढ़ाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में चल रहे पीरियड के बीच छत पर लगा पंखा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में दो छात्र घायल हो गए, जिनमें एक छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई। घायल छात्र को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।

जानकारी के मुताबिक, प्रीत विहार कॉलोनी निवासी छात्र संगम शनिवार को नियमित रूप से विद्यालय पहुंचा था। पांचवें पीरियड के दौरान कक्षा 9-डी में पढ़ाई चल रही थी। इसी बीच छत पर लगा पंखा अचानक अपनी फिटिंग से अलग होकर सीधे संगम के सिर पर आ गिरा। तेज चोट लगने से उसके सिर से काफी खून बहने लगा। वहीं उसके पास बैठा छात्र वैष्णव भी पंखे की चपेट में आने से घायल हो गया।

घटना के बाद कक्षा में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राएं घबरा गए और शिक्षकों ने तत्काल दोनों छात्रों की मदद की। शिक्षक एम.एम. जोशी घायल संगम को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से छात्र की हालत अब सामान्य है, जबकि दूसरे घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में बारिश का कहर: 124 सड़कें बंद, गंगा चेतावनी स्तर के पार, पांच उड़ानें डायवर्ट

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पंखे की फिटिंग या उसे थामने वाली लोहे की रॉड कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विद्यालय प्रशासन ने तकनीकी जांच के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -   आज कुमाऊं में मनाया जा रहा सातू का पर्व, महिलाओं ने की गौरी-महेश्वर की पूजा; कल होगा आठू का व्रत और प्रतिमा विसर्जन

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजपति बिंद ने बताया कि घटना नए भवन में संचालित कक्षा 9-डी में हुई है। उन्होंने कहा कि भवन पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन पंखा गिरने की घटना गंभीर है। संभावना है कि पंखे की रॉड कमजोर हो गई हो या कोई बोल्ट निकल गया हो। मामले की जांच कराई जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद एक बार फिर स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत उपकरणों के नियमित रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों ने मांग की है कि विद्यालयों में लगे पंखों, बिजली की फिटिंग और अन्य उपकरणों का समय-समय पर निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440