उत्तराखंड में अगले 6 दिन बारिश का अलर्ट! मौसम विभाग ने जारी किया 25 जून तक का पूर्वानुमान

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 25 जून तक प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में इस दौरान मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार से लेकर अगले छह दिनों तक पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। कई स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

यह भी पढ़ें -   NEET Re-Exam के लिए उत्तराखंड तैयार, 53 केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

रविवार को भी पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। जबकि अन्य पहाड़ी जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 22 जून से 25 जून तक प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। पहाड़ों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में फिलहाल अच्छी बारिश की संभावना नहीं दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें -   उत्तरकाशी में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा घायल

चारधाम में अभी भी कड़ाके की ठंड : चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को मौसम का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान अभी भी काफी कम बना हुआ है। गंगोत्री में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जबकि केदारनाथ, यमुनोत्री और बदरीनाथ में भी सुबह और रात के समय ठंड का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने और यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर लेने की अपील की है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440