RE-NEET 2026: उत्तराखंड में 53 केंद्रों पर होगी पुनर्परीक्षा, सुरक्षा के लिए धारा-163 लागू

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के 10 जिलों में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में विशेष प्रतिबंध
देहरादून जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू कर दी है। इसके तहत लाउडस्पीकर, ध्वनि विस्तारक यंत्रों और अन्य शोर पैदा करने वाले उपकरणों के उपयोग पर रोक रहेगी। साथ ही किसी भी प्रकार की भीड़, जुलूस, नारेबाजी और सार्वजनिक प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें -   NEET पुनर्परीक्षा को लेकर हल्द्वानी में सख्ती, 9 परीक्षा केंद्रों के आसपास लागू रहेंगे विशेष प्रतिबंध

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की एकाग्रता बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

हथियार और आपत्तिजनक सामग्री पर भी रोक
जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, लाठी-डंडे, हॉकी स्टिक, तलवार, तेजधार वस्तुएं, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य संदिग्ध सामान लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। ईंट, पत्थर या अन्य वस्तुओं का जमावड़ा करने की भी अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा भड़काऊ भाषण, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले बयान, भ्रामक प्रचार-प्रसार और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों पर भी सख्त रोक लगाई गई है।

उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के निकट पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, बिना अनुमति सभा या प्रदर्शन करने तथा वाहनों के जुलूस निकालने पर कार्रवाई की जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें -   2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार, कांग्रेस का जनाधार लगातार सिमट रहाः खजान दास

केंद्रीय बलों के साथ रहेगा सुरक्षा घेरा
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए पुलिस के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CPMF) की भी तैनाती रहेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। पिछले कई दिनों से पुलिस अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

हरिद्वार में 5 जोन और 12 सेक्टर बनाए गए
हरिद्वार में भी पुनर्परीक्षा को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में एसपी क्राइम निशा यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिले के कुल 12 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को 5 जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440