विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों और समाजसेवियों को किया सम्मानित
समाचार सच, हल्द्वानी। शहर में आयोजित सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड की आम सभा और गोष्ठी में व्यापारियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान करीब 120 नए व्यापारियों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं, स्थानीय व्यापार को मजबूत करने और उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार मैन्युफैक्चरिंग आधारित कारोबार को बढ़ावा देने पर गंभीर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का आयोजन शहर के एक वैंकेट हॉल में किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सभा में मौजूद व्यापारियों ने स्थानीय व्यापार पर बढ़ते बाहरी दबाव और बदलते कारोबारी माहौल को लेकर चिंता जताई।
मुख्य अतिथि दीपक बलूटिया ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रहा है और हर व्यापारी की समस्या के समाधान के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। वहीं विशिष्ट अतिथि दीपक ढौंडियाल ने व्यापार में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए व्यापारियों को पारंपरिक व्यापार के साथ मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में आगे आने की सलाह दी।
संगठन अध्यक्ष तरुण वानखेड़े ने कहा कि संगठन केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संगठन विस्तार को लेकर भी कई योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। इनमें योगेश जोशी, डॉ. आशुतोष पंत, डॉ. अंजना जोशी, डॉ. त्रिभुवन शर्मा, जोगेंद्र सिंह राणा, कंचन राजपूत, तारा पाठक जोशी, सवर्ण लाल सडाना और रेखा पांडे समेत कई नाम शामिल रहे।
सभा के दौरान संगठन महामंत्री भुवन भट्ट का बयान चर्चा का विषय बना। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के व्यापारियों को अब स्थानीय व्यापार बचाने के लिए एकजुट होना होगा, क्योंकि बाहरी लोगों का कारोबार पर तेजी से कब्जा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने महिलाओं को भी व्यापार में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में तेज सिंह कार्की, दिनेश थुवाल, संजय त्यागी, संजय बिष्ट, सीमा बत्रा, ज्योति अवस्थी सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वहीं दीप्ती चुफाल, कंचन उप्रेती, तरनजीत कौर, तरुण शर्मा, रेनू डसीला, शेखर शर्मा, प्रभा खनका, मंजू साह, अनिता जोशी, लीला भंडारी और नीना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और सदस्य मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



