
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। जिला कारागार में बंदियों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से सात दिवसीय मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में किया जा रहा है।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल पारुल थपलियाल की पहल पर आयोजित इस प्रशिक्षण में बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, हल्द्वानी तथा सुनिधि विकास संस्था, हल्द्वानी का सहयोग लिया जा रहा है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बंदियों को मोमबत्ती निर्माण का व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका अर्जित करने के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से बंदियों को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ ही उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जेलों में इस तरह के कौशल विकास कार्यक्रम बंदियों के भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रचनात्मक गतिविधियों से उनका तनाव कम होता है और वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगा पाते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बंदी भविष्य में स्वयं का छोटा व्यवसाय शुरू कर अपनी आजीविका का साधन भी विकसित कर सकते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिन जिला कारागार अधीक्षक सजीव ह्यांकी, सुनिधि विकास संस्था हल्द्वानी की संस्थापक उमा भंडारी, प्रशिक्षक हेमा डगवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र हल्द्वानी के एग्जीक्यूटिव गौरव जौहरी, यशवंत कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



