भारत सरकार की पहुंची टीम ने कोविड अस्पताल व लैब का बारिकी से लिया जायजा

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने भारत सरकार की एक टीम यहां पहुंची है। इस टीम ने कोविड अस्पताल व लैब का बारिकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। संयुक्त सचिव वाणिज्य एवं उद्योग सुश्री निधिमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में कोरोना संक्रमण के मद्देनजर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची भारत सरकार की टीम में शामिल एम्स के डॉ गिरीश सिंधवानी, उप निदेशक एनसीडीसी डॉ निशान्त कुमार ने सर्किट हाउस में अधिकारी के साथ बैठक की।
इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेेते हुए संयुक्त सचिव ने कहा कि कोविड-19 लक्षण प्रकट होने पर शीघ्र-अतिशीघ्र सैम्पलिंग की जाये। कहा कि कोरोना संक्रमितों को त्वरित उपचार के साथ ही उनके स्वास्थ्य पर पैनी नजर रखी जाये। उन्होंने कहा कि होम आईसोलेशन मरीजों की नियमित जांच की जाये। फैक्ट्री, कम्पनियों, ऑफिसो में कार्य करने वालों की भी शत-प्रतिशत सैम्पलिंग की जाये और उनमें कोविड के प्रति जागरूक किया जाए। संयुक्त सचिव ने सैम्पलिंग के साथ ही चिकित्सालयों की क्षमता भी बढ़ाने का सुझाव भी दिया। बैठक में जिलाधिकारी सविन बंसल ने डाटा प्रजेन्टेशन के माध्यम से कोविड स्वास्थ्य सम्बन्धी विस्तृत जानकारियां दी। बताया कि जनपद में कोविड चिकित्सालय के साथ ही पचास कोविड केयर सेंटर बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में 189 स्वास्थ्य विभाग की आईडीएसपी टीमें, 30 स्क्रीनिंग टीमें, 25 टीमे कन्टेनमेंट जोनो में, 8 टीमे कोविड सैम्पलिंग में लगायी गयी हैं। उन्होंने बताया कि 237 वीआरटी, 15 ब्लॉक लेवल टीमें, 126 सीआरटी तथा 30 आरआरटी टीमें लगायी गयी हैं, जो बाहर से आने वाले प्रवासियों व कोविड संदिग्धों पर पैनी नज़र रखे हुए है। उन्होंने बताया कि जनपद में अभी तक कुल 58735 प्रवासी जनपद में आये हैं। डॉ.सुशीला तिवारी चिकित्सालय को डेडीकेटेड कोरोना चिकित्सालय बनाया गया है। जिसमें 394 बेड के साथ ही 85 आईसीयू बेड बनाये गये हैं। संयुक्त चिकित्सालय रामनगर 100 बेड तथा बीडी पाण्डे चिकित्सालय में 60 बेड स्थापित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए गौलापार स्टेडियम में 200 तथा हल्द्वानी मिनी स्टेडियम में 150 व रामनगर में 200 ऑक्सजीन युक्त बेड तैयार किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एसटीएच, बेस, बीडी पाण्डे चिकित्सालय व संयुक्त चिकित्सालय रामनगर को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। सीएससी गरमपानी, भवाली, कालाढूंगी, पीएचसी पदमपुरी, मोटाहल्दू में दूरस्थ क्षेत्रों के लोगो के सैम्पल लेने हेतु कलैक्शन सेंटर बनाये गये हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं लॉजिस्टिक चीफ नरेन्द्र सिंह भण्डारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भागीरथी जोशी, एसीएमओ डॉ रश्मि पन्त, डॉ परमजीत सिंह द्वारा कोविड-19 स्वास्थ्य सम्बन्धी विस्तृत जानकारियां दी गयी।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा, नगर आयुक्त सीएस मर्ताेलिया, उप जिलाधिकारी विवेक राय, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, डीएसटीओ एलएम जोशी, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440