समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने रिटायर्ड फौजी से हुई लूट का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने टैम्पो चालक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूटी गई रकम व अन्य कागजात बरामद कर लिये गये हैं। पुलिस ने पकड़े गये बदमाश को कार्यवाही के बाद जेल के लिए रवाना कर दिया है। बता दें कि बीती 27 अगस्त को चांदमारी काठगोदाम निवासी रिटायर्ड फौजी लक्ष्मण सिंह नेगी ने एसबीआई की शाखा से 18 हजार की नगदी निकाली। इसके बाद बारिश के चलते जब उन्होंने घर जाने के लिए टैम्पो रोका तो चालक से सेनिटाइजर के नाम पर नशीला पदार्थ सूंघा दिया और हल्द्वानी के शनि बाजार होते हुए गौला पुल ले गया। जहां उसने लक्ष्मण सिंह से नगदी व अन्य कागजात लूट लिये। इस बीच होश आने पर जब पूर्व फौजी ने विरोध किया तो आरोपी चाकू की नोंक पर उन्हें टैम्पो से उतार कर फरार हो गया। इसके बाद इस मामले में थाना क्षेत्र का पेंच भी फंसा। घटनास्थल के आधार पर एसपी के निर्देश पर बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और बदमाश की तलाश शुरू कर दी। एसओ सुशील कुमार के अनुसार बदमाश की पहचान के लिए कई स्थानों पर घटना वाले दिन की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। जिसके आधार पर टैम्पो संख्या यूके 04 टीबी-7216 को चिघ्न्हित किया गया। इस पर उसके चालक समीर पुत्र इकबाल मूल निवासी मोहल्ला चौधरान, जिला बुलंदशहर को शनि बाजार रजा गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गये बदमाश ने जुल्म कबूल कर लिया है। उसके पास से पुलिस को लूटी गई रकम में से 12 हजार नगद व पीड़ित का आधार कार्ड बरामद हुआ है। जबकि 6 हजार वह खर्च कर चुका है। पकड़ा गया बदमाश यहां बनभूलपुरा के काबुल का बगीचा में किराये में रहता है और टैम्पो चलाकर शिकार की तलाश करता था। पुलिस बदमाश का अपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त टैम्पो को सीज कर दिया है। जबकि बदमाश को कार्यवाही के बाद जेल के लिए रवाना कर दिया गया है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में एसआई कृपाल सिंह, कांस्टेबल अनिल शर्मा, परवेज अली शामिल रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


