समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने सड़क में अतिक्रमण कर यातायात में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ एक बार फिर अभियान छेड़ दिया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने सड़क में अतिक्रमण करने वालों के चालान काटे। साथ ही पुनः अतिक्रमण करने पर सख्त कार्यवाही की हिदायत दी गई। नगर की सड़कों में लंबे समय से अतिक्रमण किया हुआ है। जिसके चलते चौड़ी-चौड़ी सड़कें भी गलियों में तब्दील हो चुकी हैं। जिसके चलते यातायात व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न होता है। रही-सही कसर सड़कों पर नो पार्किंग जोन में पार्क होने वाले वाहन पूरी कर देते हैं। जिससे नगर में दिन भर जाम की समस्या बनी रहती है। पूर्व में कई बार पुलिस-प्रशासन अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर चुका है, लेकिन सड़कों पर पुनः अतिक्रमण कर दिया जाता है। इधर लॉक डाउन के बाद पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान एक बार फिर तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत बनभूलपुरा थाना पुलिस ने कईयों पर कार्यवाही की। मंगलवार को एसओ बनभूलपुरा सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सड़क पर उतर आई और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने लाइन नम्बर 8, लाइन नम्बर 17, बड़ी रोड, छोटी रोड में सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाए लोगों पर कार्रवाई की। साथ ही कबाड़ियों द्वारा सड़क किनारे सामान फैलाने पर चालान भी काटे गए। पुलिस के इस अभियान से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस की कार्रवाई के चलते लोग खुद ही अपना सामान सड़क से हटाने में जुट गए। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की प्रशंसा की। अभियान के दौरान सड़क पर सामान फैलाने पर पुलिस ने 10 कबाड़ियों का कोर्ट चालान किया और 20 लोगों को सड़क पर कब्जा करने के मामले में नोटिस थमाए। वहीं बिलाली मस्जिद प्रांगण में खड़े किए वाहनों को भी वहां से हटाया गया। चेताया कि यदि पुनः सड़क पर अतिक्रमण किया गया तो कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



