समाचार सच, हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक सार्वजनिक स्थल में लोगों को शराब भी परोस रहा था। दोनों को कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। नगर में इन दिनों पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चलाये हुए है। इस अभियान के तहत आए दिन कोई न कोई नशे का सौदागर पुलिस के हत्थे चढ़ रहा है। इस अभियान के तहत मुखानी थाना पुलिस को गश्त के दौरान मृदुल विहार कालोनी, पीलीकोठी के पास एक युवक को संदिग्धावस्था में दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके थैले से 58 पव्वे अवैध शराब के बरामद हुए। पकड़े गये तस्कर कैलाश कनवाल पुत्र सोबन सिंह कनवाल निवासी पीलीकोठी फार्म न. 3 नीम के पेड़ के पास मुखानी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं मंडी चौकी पुलिस ने भी सार्वजनिक स्थल में अवैध तरीके से शराब परोसने पर ठेला संचालक को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार मनीष कार्की पुत्र बहादुर सिंह कार्की निवासी मानपुर पश्चिम देवलचौड़ मंडी के पिछले गेट पर मछली-पकौड़े के ठेले की आड़ में लोगों को शराब परोस रहा था। उसके ठेले से एक शराब की बोतल भी पुलिस ने बरामद की है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


