समाचार सच, देहरा। परिवार का पेट पालने के लिए उत्तराखंड से सैकड़ों किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश की फैक्ट्री में नौकरी कर रहे एक श्रमिक की जिंदगी कुछ ही सेकंड में खत्म हो गई। जिस मशीन के सहारे वह अपने परिवार का भविष्य संवारने की कोशिश कर रहे थे, वही मशीन उनकी मौत का कारण बन गई। हादसे के बाद फैक्ट्री में सन्नाटा पसर गया, जबकि उत्तराखंड स्थित उनके घर में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस स्थित जस्सर पेपर मिल में शनिवार शाम यह दर्दनाक हादसा हुआ। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कीर्ति सिंह, निवासी जिला चमोली (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि कीर्ति सिंह अपनी नियमित ड्यूटी के दौरान पेपर मशीन पर काम कर रहे थे। इसी बीच मशीन में कागज फंस गया। कागज निकालने के प्रयास में उनका हाथ मशीन में फंस गया और देखते ही देखते मशीन उन्हें अपनी ओर खींचने लगी।
साथी कर्मचारियों ने तत्काल मशीन बंद कर उन्हें बाहर निकाला और गंभीर हालत में बीबीएमबी अस्पताल, तलबाड़ा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसा मशीन में फंसे कागज को निकालने के दौरान हुआ प्रतीत हो रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और आवश्यक सावधानियों का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



