उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया संरक्षित पटवा उद्यान का लोकार्पण, दो छात्रावास व चार शोध केंद्र होंगे स्थापित
समाचार सच, नैनीताल। भारत सरकार की पीएम ऊषा मेरु योजना के तहत कुमाऊं विश्वविद्यालय के लिए स्वीकृत पटवाडांगर परिसर के निर्माण कार्य का सोमवार को उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिलान्यास किया। इस दौरान संरक्षित पटवा उद्यान का लोकार्पण भी किया गया। विश्वविद्यालय के नवीन मेरु परिसर में 45 करोड़ रुपये से अधिक लागत के अकादमिक ब्लॉकों, छात्रावासों और उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय का मेरु परिसर प्रदेश को अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, आयुष, जैव प्रौद्योगिकी और आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि यहां हिमालयी औषधीय पौधों एवं वेलनेस लाइफस्टाइल पर होने वाला शोध स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और वैश्विक शोध गतिविधियों को नई दिशा देगा।
उन्होंने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने तक सीमित न रहकर नवाचार, स्वरोजगार और बहुविषयी शोध के उन्नत केंद्र बनें। इस अवसर पर मंत्री ने परिसर में विकसित संरक्षित पटवा उद्यान का भी लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या ने विश्वविद्यालय के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध कराने पर आभार व्यक्त किया। वहीं पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए पटवाडांगर परिसर की स्थापना को दूरदर्शी निर्णय बताया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम ऊषा) के अंतर्गत देशभर के 26 विश्वविद्यालयों को 100-100 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत हुआ है, जिसमें कुमाऊं विश्वविद्यालय भी शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में पटवाडांगर में दो अकादमिक ब्लॉकों के निर्माण हेतु 2623.36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं के लिए 40-40 क्षमता वाले बालक एवं बालिका छात्रावासों का निर्माण लगभग 2667.71 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसके साथ ही परिसर में सेंटर फॉर एडवांस कम्प्यूटिंग, हिमालयन मेडिसिनल प्लांट्स एंड वेलनेस लाइफस्टाइल सेंटर, फैकल्टी ऑफ बायोमेडिकल साइंसेज एंड नैनोटेक्नोलॉजी तथा केंद्रीय उपकरण सुविधा केंद्र सहित चार उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. दिव्या उपाध्याय ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, प्रधान बेलवखान बबीता मनराल, प्रधान बोहरगांव सुरेंद्र बिष्ट, प्रधान देवीधुरा प्रेमलता बरगली, प्रधान नइशीला कैप्टेन प्रताप सिंह, प्रधान बेल ललिता मलारा, प्रधान सरीयाताल हरगोविंद रावत, प्रधान ज्योली शेखर चंद भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज चनियाल, शांति पांडे, कमला जोशी, हरीश धामी, प्रधान चोपड़ा बीना जीना, प्रधान ज्योलिकोट नवल आर्या, सुरेश उप्रेती, धर्मेंद्र सिंह रावत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार में डाईत्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, शांति मेहरा, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, द्वाराहाट विधान सभा के पूर्व विधायक महेश नेगी, हिमांशु पांडे, पूरन मेहरा, विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव राकेश विश्वकर्मा, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, विभिन्न संकायाध्यक्ष
सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र सहित कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि एवं उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद के सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो दिव्या उपाध्याय ने किया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



