समाचार सच, नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शुक्रवार को डीएसबी कैम्पस स्थित हिमालय संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन उपकरणों, पारंपरिक आभूषणों और विभिन्न संगीत वाद्ययंत्रों का अवलोकन कर उनकी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने विभिन्न विषयों पर शोध कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। उन्होंने शोध कार्यों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव और टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि शोध के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, नवीन सोच और गहन विश्लेषण अत्यंत आवश्यक है।
आयुक्त ने कहा कि हिमालय संग्रहालय में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की अनेक दुर्लभ वस्तुएं संरक्षित हैं, लेकिन सीमित स्थान के कारण सभी सामग्रियों का समुचित प्रदर्शन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने संग्रहालय के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि चिन्हित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ऐतिहासिक धरोहरें और पारंपरिक उपकरण नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे संग्रहालय युवाओं में नई सोच और शोध के प्रति रुचि विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर संग्रहालय प्रभारी प्रो. सावित्री कैड़ा जंतवाल, प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. संजय टम्टा, डॉ. मनोज बाफिला, पी.एस. अधिकारी, डॉ. भुवन चन्द्र शर्मा, डॉ. विरेन्द्र पाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



