समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना काल में दूसरे प्रदेशों से वापस अपने गांव लौट कर आने वाले उत्तराखंड वासियों और प्रदेश के स्थानीय लोगों को रोजगार देने के लिए प्रदेश सरकार के जरिए शुरू किए गए हेल्पिंग आउट पीपुल एवरीवेयर पोर्टल पर बेरोजगारों के पंजीकरण की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस पोर्टल पर 23,188 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। विभिन्न कंपनियों द्वारा निकाले गए विज्ञापन के आधार पर बेजरोगारों के नाम कंपनियों को भेजे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने कोरोना के कारण घर लौटने वालों को स्वरोजगार और रोजगार से जोड़ने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें हेल्पिंग आउट पीपुल एवरीवेयर पोर्टल भी एक है। इस पोर्टल में कोई भी पंजीकरण करा सकता है। पंजीकरण कराने के दौरान आवेदक का नाम, निवास स्थान, आधार कार्ड संख्या, बैंक आदि की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा पोर्टल में अंतिम नौकरी का पूरा विवरण, शैक्षिक योग्यता के साथ ही विशेषज्ञता, अनुभव, आय, वर्तमान में आय के स्रोत आदि के बारे में भी बताना होगा। यह सूचना लेने का मकसद यह है कि पंजीकरण कराने वालों को उनकी विशेषज्ञता वाले क्षेत्र में रोजगार दिलाया जा सके। इसके लिए पोर्टल में विभिन्न कंपनियों को लगातार जोड़ा जा रहा है। कंपनियां अपनी जरूरत के हिसाब से पंजीकरण करने वालों की योग्यता को देखते हुए उन्हें अब इंटरव्यू के लिए भी बुला रही हैं। बेरोजगारों की योग्यता देखने के लिए उन्हें अलग आइडी दी जा रही है। सचिव कौशल विकास रंजीत सिन्हा का कहना है पोर्टल के जरिये विभिन्न कंपनियों ने अपने यहां रिक्तियों के आधार पर आवेदकों को इंटरव्यू के लिए बुलाना शुरू कर दिया है। हालांकि, थोड़ा स्थिति ठीक होने के बाद इन्हें ज्वाइन कराने की बात कही जा रही है। इस संबंध में कंपनियों से बात चल रही है। पंजीकृत किए जा रहे लोगों को रोजगार दिलाने के लिए जिला स्तर पर कौशल विकास केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












