समाचार सच, हल्द्वानी। सुमित्रानंदन पन्त जयंती के अवसर पर अरुणोदय संस्था हल्द्वानी के सौजन्य से अरुणोदय श्रीमती आनन्दी देवी रावत धर्मशाला परिसर, नवाबी रोड में सादगीपूर्ण वातावरण में कवि सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रकृति, समाज और समसामयिक विषयों पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. पी.सी. बाराकोटी, कार्यक्रम अध्यक्ष जीवन चन्द्र जोशी तथा संयोजिका डॉ. पुष्पलता जोशी ‘पुष्पांजलि’ द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद श्रीमती अमृता पाण्डे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण शुरुआत दी।
कवि सम्मेलन में युवा कवयित्री कु. दीक्षिता पन्त ने नीट पेपर लीक प्रकरण पर व्यंग्यात्मक प्रस्तुति दी। भुवनेश विराट ने उत्तराखंड के वीर जवानों का गुणगान किया। श्रीमती पारु तिवारी ने “प्रकृति का दिया प्रकृति में समाया” शीर्षक रचना सुनाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। मनीष पन्त ने अपनी कविता “कहां जाकर सुकून की भीख मांगें, यहां हर घर पर ताले पड़े हैं” के माध्यम से वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर कटाक्ष किया।
इसी क्रम में श्रीमती विमला जोशी ने कवि पन्त को श्रद्धांजलि अर्पित की, जबकि करुणा शंकर काण्डपाल ने “यहां सब कुछ बिकता है दोस्तों, रहना जरा संभलकर” पंक्तियों से सामाजिक विडंबनाओं को उजागर किया। डॉ. पुष्पलता जोशी ने “हे प्रकृति मां, हमको भी अपना सा नूतन यौवन देना” रचना प्रस्तुत की। विनायक जीवन जोशी ने सावन और लोकसंस्कृति पर आधारित गीत सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे संस्था महामंत्री बिपिन चन्द्र पाण्डे ने विचार गोष्ठी में बोलते हुए सुमित्रानंदन पन्त के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा नई पीढ़ी से साहित्य और रचनाधर्मिता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, न्यास अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह रौतेला, जीवन सिंह रावत, बी.बी. जोशी, नवीन चन्द्र तिवारी, कोषाध्यक्ष लतेश मोहन, मधुसूदन लोहनी सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



