देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, चेन लूट का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून डेस्क। राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा से फरार होने की कोशिश कर रहे युवक ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी हाल ही में बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नेचिंग की वारदात में वांछित था।

पुलिस के मुताबिक हरबंसवाला बैरियर पर देर रात वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा पर सवार युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह टी-स्टेट की ओर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।

घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। प्राथमिक उपचार के लिए उसे प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल जाकर घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें -   सातू के व्रत पर जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी सावधानी

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में की है। पुलिस के अनुसार आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नेचिंग की घटना का आरोपी है। इस मामले में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें -   सूखी अदरक यानी सोंठ का पानी पी सकते हैं। यह सेहत के लिए काफी फायदेममंद है

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी पुलिस के हाथ लगी है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने चेन स्नेचिंग की घटना में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440