उत्तराखंड में बारिश का कहर: 124 सड़कें बंद, गंगा चेतावनी स्तर के पार, पांच उड़ानें डायवर्ट

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार तेज बना हुआ है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में बुधवार को भी भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून और बागेश्वर के कुछ इलाकों में तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पौड़ी, चमोली, चंपावत, टिहरी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम का यह मिजाज 24 अगस्त तक बने रहने का अनुमान है।

बारिश-भूस्खलन से 124 सड़कें बंद
लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में 124 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें 92 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। पिथौरागढ़ में 24, चमोली में 20, नैनीताल में 18, बागेश्वर में 11, देहरादून में 10, नई टिहरी में 10, पौड़ी में 10, उत्तरकाशी में 9, रुद्रप्रयाग में 8 और अल्मोड़ा में 4 सड़कें बंद बताई गई हैं।

सड़कों के बाधित होने से पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है और कई स्थानों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें -   ट्रेन की चपेट में आने से 19 वर्षीय किन्नर की मौत, साथियों ने रेलवे फाटक पर किया हंगामा

गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान से ऊपर
मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है। हरिद्वार में भीमगोड़ा बैराज पर दोपहर 12 बजे गंगा का जलस्तर बढ़कर 293.50 मीटर पहुंच गया। यह चेतावनी निशान 293 मीटर से ऊपर है, जबकि खतरे का निशान 294 मीटर है।

ऋषिकेश में भी गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इसके अलावा उत्तरकाशी में भागीरथी, चमोली में अलकनंदा, नंदाकिनी और पिंडर तथा पिथौरागढ़ में काली, गोरी और सरयू नदियां भी ऊंचे जलस्तर के साथ बह रही हैं।

खराब मौसम से हवाई सेवाएं प्रभावित
भारी बारिश और कम विजिबिलिटी का असर देहरादून एयरपोर्ट की हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। बुधवार सुबह से शाम तक विभिन्न शहरों से देहरादून आने वाली पांच उड़ानों को चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा।

यह भी पढ़ें -   सातू के व्रत पर जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी सावधानी

सुबह दिल्ली से आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़, मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को अमृतसर और दिल्ली से आने वाली एक अन्य एयर इंडिया की उड़ान को वापस दिल्ली डायवर्ट किया गया। इसके अलावा मुंबई और हैदराबाद से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ानों को भी चंडीगढ़ भेजना पड़ा।

बताया गया कि सुबह एयरपोर्ट क्षेत्र में विजिबिलिटी करीब 800 मीटर रह गई थी। इसके चलते कई विमान देहरादून के आसमान में चक्कर लगाते रहे और मौसम में सुधार नहीं होने पर उन्हें दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

24 अगस्त तक बिगड़ा रह सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई है। लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रुकने और मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440