समाचार सच, रामनगर। रामनगर के एक रिसॉर्ट में पकड़े गए हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट मामले में अब पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रविवार को बताया कि मामले में अब तक 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया तथा पूरे रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों के साथ-साथ विदेश से लाई गई महिलाओं के जरिए अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। छापेमारी के दौरान आरोपी शराब और नशे की पार्टी कर रहे थे। महिलाओं से अश्लील डांस कराया जा रहा था और उन पर नोट उड़ाए जा रहे थे। मौके पर कई लोग आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त मिले।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरी पार्टी का आयोजन मेरठ निवासी एक कारोबारी ने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए किया था। करीब दस दिन पहले उसने रिसॉर्ट प्रबंधन से संपर्क कर शराब, महिलाओं और कथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था करने की मांग की थी। इसके बाद 4 से 5 जुलाई तक के लिए रिसॉर्ट लगभग 2.20 लाख रुपये में बुक कराया गया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई गई थी। वहीं रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले किसी भी व्यक्ति या महिला का नाम आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब की कई पेटियां, बीयर, कार्यक्रम में इस्तेमाल किए गए म्यूजिक सिस्टम, लैपटॉप, मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और महिलाओं पर उड़ाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ₹10 मूल्य के नोटों की गड्डियां बरामद की हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस प्रभावी कार्रवाई के लिए उन्होंने पुलिस टीम को ₹2,500 का पुरस्कार भी प्रदान किया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



