चमोली में दर्दनाक हादसा: खाई में समाई सेना के जवान की कार, संदीप गौड़ की मौत

खबर शेयर करें

समाचार सच, चमोली।
चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़ (निवासी कुरूड़ गांव) की मौत हो गई। जवान के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण पूरी रात उनकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा, बारिश और खराब मौसम के कारण दुर्घटना का पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार संदीप गौड़ बुधवार देर रात करीब दो बजे लुंतरा गांव की ओर से कार से अपने गांव कुरूड़ लौट रहे थे। इसी दौरान चंचोली गधेरे के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन रात के अंधेरे और लगातार बारिश के कारण कोई सुराग नहीं मिल पाया।

गुरुवार सुबह ग्रामीणों की नजर सड़क से नीचे पड़ी कार की नंबर प्लेट पर गई। इसके बाद अनहोनी की आशंका गहरा गई और ग्रामीणों ने खाई में उतरकर तलाश शुरू की। कुछ ही देर में दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार दिखाई दी। सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें -   तीज क्वीन सोनम माहेश्वरी ने जीता खिताब, सृकृति माहेश्वरी द्वितीय और आकांशा माहेश्वरी तृतीय

कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने जवान के शव को गहरी खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर ले जाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पंचनामा एवं पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेज दिया।

यह भी पढ़ें -   चंपावत में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत से मचा कोहराम

बताया गया कि संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। जवान की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर देर रात का अंधेरा, बारिश और सड़क पर फिसलन को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440