चंपावत में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत से मचा कोहराम

खबर शेयर करें

समाचार सच, चंपावत।
चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही एक कार सिरतोली के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रही एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल उपजिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे कार संख्या यूके 04-6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान कानाकोट-सिरतोली मार्ग पर सिरतोली के पास कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन स्वामी एवं चालक कमल सिंह बोहरा (58), पुत्र रघुवर सिंह, निवासी कानाकोट तथा बबलू चौधरी (38), पुत्र गंगा चौधरी, निवासी वार्ड नंबर 18, बगही बकुलिया, टोला, डाकघर बगही रतनपुर, थाना बैरिया, पश्चिमी चंपारण, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के दौरान मौके से गुजर रही अद्वैत आश्रम मायावती लोहाघाट की एंबुलेंस तत्काल घायलों की मदद के लिए रुकी। एंबुलेंस से दोनों को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें -   तीज क्वीन सोनम माहेश्वरी ने जीता खिताब, सृकृति माहेश्वरी द्वितीय और आकांशा माहेश्वरी तृतीय

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम लोहाघाट में किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें -   भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में जहीर अंसारी को बड़ी जिम्मेदारी, बने प्रदेश प्रवक्ता

बताया गया कि कमल सिंह बोहरा लोहियाहेड पावर हाउस, खटीमा में एसएसओ के पद पर कार्यरत थे, जबकि बबलू चौधरी कारपेंटर का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों लोहाघाट में सामान खरीदने के लिए जा रहे थे।

सड़क संकरी होने के कारण हादसे की आशंका

जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा के अनुसार जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क काफी संकरी है। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एक ही हादसे में दो लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440